
छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में जाना जाता है। वनवास के दौरान श्रीराम ने यहां समय व्यतीत किया था। छत्तीसगढ़ से जुड़ी भगवान श्रीराम के वनवास काल की स्मृतियों को सहेजने और संस्कृति व पर्यटन को बढ़ावा देने भूपेश सरकार द्वारा राम वन गमन पर्यटन परिपथ परियोजना शुरू की गई है। कोरिया से सुकमा जिले तक कदम-कदम पर भगवान श्रीराम के दर्शन होंगे और उनसे जुड़ी महत्व की कथाएं देखने और सुनने को मिलेंगी।
मान्यता है कि भगवान श्रीराम के साथ माता सीता और लक्ष्मण ने 12 साल छत्तीसगढ़ में बिताये थे। जिन जगहों पर भगवान राम आए थे। ऐसे 75 जगहों को चिन्हित कर वैश्विक पर्यटन के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। प्रथम चरण में कोरिया से सुकमा तक 2260 किमी की लंबाई में 9 जगहों को रामायणकाल के वातावरण के अनुरूप डेवलप किया जा रहा है। कोरिया से सुकमा जिले तक भगवान श्रीराम के दर्शन होंगे और उनसे जुड़ी महत्व की कथाएं देखने और सुनने को मिलेंगी। भूपेश सरकार ने इसे अपनी ड्रीम प्रोजेक्ट में रखा है।
राम वन गमन पथ पर्यटन योजना में सीतामढ़ी हरचौका (कोरिया), रामगढ़ (सरगुजा), शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा), तुरतुरिया (बलौदाबाजार), चंदखुरी (रायपुर), राजिम (गरियाबंद), सिहावा सप्तऋषि आश्रम (धमतरी), जगदलपुर (बस्तर) और रामाराम (सुकमा) शामिल हैं। 133 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से इन क्षेत्रों में पर्यटन विकास के काम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार द्वारा कराए जा रहे हैं। श्रीराम वन गमन पर्यटन परिपथ से राज्य में न केवल ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर बढ़ेंगे और छत्तीसगढ़ की एक अलग पहचान बनेगी।
10 अप्रैल रामनवमी पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शिवरीनारायण धाम में श्रीराम वन गमन पर्यटन पथ के परियोजना के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान शिवरीनारायण में 3 दिवसीय भव्य आयोजन में देश के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ छत्तीसगढ़ के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 25 जिलों के मानस मंडलियों के लगभग 350 कलाकार शिवरीनारायण में 8, 9 और 10 अप्रैल को राज्य स्तरीय स्पर्धा में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत शिवरीनारायण धाम में पहले दिन शुक्रवार को राज्य स्तरीय मानस गायन स्पर्धा की शुरुआत छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग महंत महंत डॉक्टर राम सुंदर दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक अनिल कुमार साहू, कलेक्टर जांजगीर चांपा जितेंद्र कुमार शुक्ल, संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व विवेक आचार्य, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव मौजूद रहे। महंत रामसुंदर दास ने शिवरीनारायण की जनता को राम वन गमन पर्यटन परिपथ परियोजना की जानकारी दी।