

कांकेर जिला से लगे गांव ठेलकाबोड़ में शनिवार को एक महिला की लाश उसके बिस्तर पर मिली। वर्तमान में महिला छोटेपारा वार्ड की पंच थी। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हत्या का मामला है। घटना के बाद से बड़ा बेटा घर से फरार है और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है। पुलिस को उस पर हत्या का शक है। बता दें कि 2005 में मृतका सरपंच भी रह चुकी थी। मृतका के परिजन के अनुसार महिला शराब की आदी थी, जिससे उसका बेटा नाराज रहता था। और उसकी हत्या करने के फिराक में था। शनिवार को भी घटना से पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था।
शनिवार को शहर से सटे गांव ठेलकाबोड़ छोटे पारा में पूर्व सरपंच परमिला शोरी का छोटा बेटा कृष्ण कुमार शोरी जब सुबह 10 बजे घर आया तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खोला गया तो वह बाड़ी से कूद कर अंदर गया। जहां मकान का पिछला दरवाजा खुला था। जिससे अंदर जाकर कमरे में देखा तो बिस्तर में उसकी मां की लाश पड़ी हुई थी। तत्काल उसने अपने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद कोरर के ग्राम अस्तरा में खेत में रह रहे महिला के पति सगराम शोरी को इसकी जानकारी दी गई। दोपहर में पति गांव पहुंचा और शाम 4 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई । प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बीतीरात पति खेत में था। छोटा बेटा जगदलपुर में रहता है और वर्तमान में कांकेर आया हुआ है। लेकिन वह भी रात में अपने दोस्त के घर पर था। महिला के साथ उसका बड़ा बेटा विनोद शोरी ही घर पर था।
बताया जा रहा है, कि मां व बेटे के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ। जिसे लेकर बेटा उसकी हत्या कर फरार हो गया। फरार बड़े बेटे के मोबाइल नंबर पर कई बार परिजन व पुलिस ने कॉल किया लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। पुलिस मामले में सभी बिंदुओं को ध्यान में रख जांच कर रही है। पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली है। जिसमें उसे मकान के एक कमरे में भवन निर्माण औजार के साथ पाइप मिला है। जिसमें खून के निशान हैं। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके अलावा कुछ जगह से मिले खून के धब्बों को भी मिट्टी समेत जब्त किया गया है। जहां महिला की लाश मिली है। उस कमरे के अलावा घर में कई जगह व बाड़ी में भी खून के धब्बे मिले हैं। महिला के सिर, माथा, आंख के नीचे, गर्दन में किसी डंडे या पाईप से मारने के निशान हैं। हाथ व पैर में खरोंच है। आशंका है कि हत्यारे के हमले के बाद खून निकलने पर महिला बचाव के लिए यहां-वहां घर में भागी थी। एसडीओपी चित्रा वर्मा ने कहा मामला प्रथम दृष्टया हत्या का है। मृतका का बड़ा लड़का घर से फरार है।