बस्तर संभाग

6 दिनों की बारिश से 15% सब्जी फसल बर्बाद...

कांकेर/बस्तर मित्र

जिले में हुई बेमौसम बारिश से सबसे अधिक नुकसान सब्जी फसल को हुआ है। छह दिनों की बारिश से 15 फीसदी फसल बर्बाद हो गई। इसमें सबसे ज्यादा क्षति टमाटर की फसल को हुआ है। वहीं बैगन, फूल गोभी, धनिया व अन्य दूसरे फसल को भी नुकसान पहुंचा है। 10 से 15 जनवरी तक हुई लगातार बेमौसम बारिश से जिले में सब्जी की फसलों के लिए घातक सिद्ध हुई। उद्यानिकी विभाग के अनुसार कांकेर जिला में 15 प्रतिशत सब्जी फसल को नुकसान हुआ है। इसमें टमाटर के साथ बैगन, फूल गोभी, पत्ता गोभी, धनिया, मिर्च, प्याज, मटर, पालक भाजी को नुकसान हुआ है।

पखांजूर ब्लॉक में 100 किसानों का 60 हेक्टेयर सब्जी फसल खराब हुआ है। पखांजूर के पीवी-55, 61, मायापुर, रामकृष्णपुर, बारदा में किसानों के सब्जी फसल को ज्यादा क्षति हुई है। दुर्गूकोंदल में 125 किसानों का 44 हेक्टेयर फसल को नुकसान हुआ है। यहां पर 30 फीसद से अधिक फसल के नुकसान का आंकलन किया गया है। चारामा में 130 किसानों का 25 हेक्टेयर फसल नुकसान हुआ है। कांकेर उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक वीके गौतम ने कहा बेमौसम बारिश से कांकेर जिला में अनुमानित 15 फीसदी सब्जी फसल को नुकसान हुआ है। इसमें पखांजूर व दुर्गूकोंदल में सब्जी फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।

बारिश के चलते हर वर्ष नुकसान, किसान परेशान:-

ग्राम मनकेशरी के अजय पटेल ने कहा कि उसने 15 डिसमिल में सब्जी फसल लगाई है। इसमें बैगन व धनिया के साथ फूलगोभी को नुकसान हुआ है। बैगन के पत्ता व फूल लगातार बारिश से नष्ट हो गए। किसान रंजीत पटेल ने कहा टमाटर फसल को ही सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। कुछ वर्षों से इसी तरह से बारिश हो रही है और हर वर्ष नुकसान हो रहा है। ग्राम नवागांव भावगीर के मनोज साहू, नंदनमारा के गोकुल सोनकर ने कहा लगातार बेमौसम बारिश से सब्जी के फसल को नुकसान हुआ है।




About author

LAXMI JURRI

पत्रकारिता के लिए समर्पित...



0 Comments


Leave a Reply

Scroll to Top