आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमिता की ऊंची छलांग...

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमिता की ऊंची छलांग...

रायपुर/बस्तर मित्र

छत्तीसगढ़ की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने पर्वतारोहण में बड़ी छलांग लगाई है। जांजगीर-चांपा की अमिता श्रीवास ने लद्दाख की जांस्कर शृंखला की यू.टी. कांगरी चोटी की मुश्किल चढ़ाई को पूरा किया है। 6 हजार 70 मीटर ऊंची यह चोटी एवरेस्ट अभियान की तैयारी कर रहे पर्वतारोहियों को तैयारी के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।

Paragraph Image

अमिता ने बताया, यू.टी. कांगरी पर सफलता उनके एवरेस्ट मिशन की प्रारंभिक तैयारी का एक पायदान है। उनके इस मिशन में दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक राज्यों के 11 सदस्य थे। इसमें से 2 लोग पहले एवरेस्ट की चढ़ाई भी कर चुके थे। उनकी टीम ने बेस कैंप से 14 जनवरी को रात 11 बजे चोटी पर चढ़ाई शुरू की। पांच दिन बाद 19 जनवरी को वे लोग यू.टी. कांगरी के शिखर पर थे।

चढ़ाई के दौरान बेहद खतरनाक वाकया हुआ। पर्वतारोहियों की टीम चोटी से 50 मीटर नीचे थी तभी वहां एवलांच आ गया और बर्फ नीचे गिरने लगा। उन्होंने एवलांच के बारे में केवल पढ़ा-सुना ही था, कभी देखा नहीं था। पहली बार एवलांच देखा जिसका अनुभव बता पाना भी मुश्किल है। एवलांच शांत हुआ तो आगे की चढ़ाई दुरूह हो चुकी थी। आगे बढ़ने का फैसला लेना भी मुश्किल था। हिम्मत के साथ वे आगे बढ़ी और 6 हजार 70 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचकर ही मानीं। अमिता ने बताया, 4 हजार 700 मीटर ऊंचाई पर स्थित उनके बेस कैंप में तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस था। अंतिम चढ़ाई के समय यह तो माइनस 31.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

किलिमंजारों पर भी फहरा चुकी हैं तिरंगा:-

अमिता की पर्वत चोटी पर यह चौथी बड़ी चढ़ाई थी। उन्होंने 2019 में उत्तरी सिक्किम में व पश्चिमी सिक्किम के बड़े शिखरों पर चढ़ाई की थी। साल 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन अमिता ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराया। तंजानिया की किलिमंजारो चोटी पांच हजार 895 मीटर ऊंची है। यहां उन्होंने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ लिखा प्लेकार्ड भी लहराया था।

Paragraph Image

राज्य सरकार ने भी की है अभियानों में मदद:-

पर्वतारोहण जैसा महंगा खेल में सर्वाइव करना अमिता के लिए संभव नहीं था। जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने इसमें मदद की। यू.टी. कांगरी अभियान के लिए प्रशासन ने 80 हजार रुपए की मदद की थी। इससे पहले अमिता के पर्वतारोहरण अभियानों के लिए सीएसआर मद से दो लाख 70 हजार रुपए की सहायता हुई थी। अभी नई सफलता पर भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमिता को बधाई दी है।

इस खबर को प्रोत्साहित करने वाले दानदाता (Donors)

इस समाचार के लिए अभी तक कोई सहयोग राशि प्राप्त नहीं हुई है।
पहले सहयोगी बनें (Support First)

लेखक (Reporter)

LAXMI JURRI

LAXMI JURRI

पत्रकारिता के लिए समर्पित...

0 Comments

No comments yet. Be the first to reply!

टिप्पणी लिखें (Leave a Reply)