सड़क दुर्घटना प्रकरण में आरोपित ने अपने पुत्र को नाबालिग साबित करने के उद्देश्य से आनलाइन जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। खैरागढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी तो प्रमाण पत्र फर्जी और कूटरचित पाया गया।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर आनलाइन जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले फरार आरोपित को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। छुईखदान के ग्राम उदान निवासी प्रार्थी अंकल्हु राम जंघेल की शिकायत पर मामला पंजीबद्ध किया गया था।
साइबर तकनीकी सहायता से सुल्तानपुर पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता चला कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने वाला व्यक्ति उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में रह रहा है। साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी के मोबाइल नंबर और ठिकाने की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद गंडई पुलिस की विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और 29 मई 2026 को सुल्तानपुर जिले के वल्लीपुर निवासी 36 वर्षीय रवि निषाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाया गया और सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
0 Comments